पूर्व मेदिनीपुर, 18 फरवरी।
जिले के मयना में मछली से लदे वाहनों से अवैध वसूली के आरोप को लेकर राजनीतिक विवाद गहराया है। भाजपा के विधायक अशोक दिन्दा के बयान के बाद उन्हें मयना थाने में पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
मयना पश्चिम बंगाल के प्रमुख मत्स्य उत्पादन केंद्रों में से एक माना जाता है। हाल ही में आयोजित भाजपा की ‘परिवर्तन संकल्प सभा’ में विधायक अशोक दिन्दा ने मंच से आरोप लगाया कि मछुआरों की गाड़ियों से नियमित रूप से पुलिस द्वारा वसूली की जाती है।
उन्होंने दावा किया कि शाम के समय स्कूटी पर सवार तीन पुलिसकर्मी खड़े रहते हैं और प्रत्येक मछली वाहन से 100 से 200 रुपये तक वसूले जाते हैं।
विधायक ने यह भी कहा कि वसूली की राशि का एक हिस्सा थाने में रहता है और शेष उच्च अधिकारियों तक पहुंचता है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि उनके पास इस संबंध में रिकॉर्ड और वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं।
विधायक के आरोपों के बाद मामला गर्मा गया। प्रशासन ने अदालत की अनुमति लेकर अशोक दिन्दा को नोटिस जारी किया और पूछताछ के लिए मयना थाने में उपस्थित होने को कहा।
पूर्व मेदिनीपुर जिले के प्रभारी पुलिस अधीक्षक मिथुन दे ने मंगलवार शाम बताया कि अशोक दिन्दा को तलब किया गया है और उन्होंने आने के लिए समय मांगा है। एसपी ने कहा कि किसी पद या संस्था पर इस प्रकार सार्वजनिक टिप्पणी करना उचित नहीं है और मामले को कानूनी प्रक्रिया के तहत देखा जा रहा है।



