मुंबई, 02 मार्च।
ठाणे में बंद हुई कंपनियों के मजदूरों के बकाए का मुद्दा महाराष्ट्र विधानसभा में जोरदार तरीके से उठाया गया। विधायक संजय केलकर ने कहा कि मफ़तलाल और इंडियन रबर जैसी कंपनियों के बंद होने से सैकड़ों मजदूरों की मौत हो गई और हजारों परिवार आर्थिक संकट में हैं, फिर भी उनके बकाए का भुगतान नहीं हुआ। केलकर ने राज्य सरकार से मजदूरों के हित में ठोस कदम उठाने की मांग की।
विधायक ने यह भी कहा कि भविष्य में किसी भी बंद कंपनी की ज़मीन तब तक नहीं बेची जानी चाहिए जब तक मजदूरों का पूरा बकाया न चुका दिया जाए। इसके अलावा मजदूरों को उनके बकाए के भुगतान के लिए सुनिश्चित समयसीमा तय करने की आवश्यकता है।
इस पर श्रम मंत्री आकाश फुंडकर ने जवाब दिया कि इस मामले में जल्द ही बैठक कर योजना बनाई जाएगी, ताकि तय समय में मजदूरों को उनका बकाया मिल सके और उनके हित की रक्षा हो।


