जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के शाह मोहल्ला रंगवार क्षेत्र में बीती रात दो तेंदुओं की मौजूदगी से क्षेत्र में दहशत फैल गई। तेंदुओं की गतिविधियां पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गईं, जिसके बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात तेंदुए रिहायशी इलाके के आसपास घूमते नजर आए। सूचना मिलते ही क्षेत्रवासियों ने वन विभाग और प्रशासन को अवगत कराया।
प्रशासन ने एहतियातन लोगों से घरों के अंदर रहने, बच्चों को बाहर न भेजने और किसी भी प्रकार की गतिविधि दिखने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की है।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर निगरानी कर रही है। अधिकारियों के अनुसार तेंदुओं को सुरक्षित तरीके से पकड़ने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने का आग्रह किया है।


