बेंगलुरु, 06 फरवरी।
भारतीय महिला हॉकी टीम की अनुभवी फॉरवर्ड नवनीत कौर का कहना है कि आज की तेज़ रफ्तार हॉकी में सिर्फ गोल करना ही पर्याप्त नहीं रह गया है, बल्कि हर अटैकिंग खिलाड़ी को डिफेंस में भी बराबर की भूमिका निभानी होती है। एफआईएच महिला हॉकी वर्ल्ड कप क्वालीफायर हैदराबाद–तेलंगाना 2026 से पहले राष्ट्रीय शिविर में टीम की तैयारियां पूरे जोर पर हैं।
हॉकी इंडिया के हवाले से नवनीत कौर ने कहा कि आधुनिक हॉकी में स्ट्राइकर के लिए डिफेंसिव स्किल्स बेहद अहम हो गई हैं। उन्होंने बताया कि वह टैकलिंग और बिना गेंद के दबाव बनाने पर खास ध्यान दे रही हैं, ताकि गेंद वापस जीतकर टीम को बढ़त दिलाई जा सके।
टीम के लक्ष्य को लेकर नवनीत ने स्पष्ट कहा कि भारतीय महिला टीम का मकसद वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करना है और क्वालीफायर मुकाबलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना प्राथमिकता है।
यह राष्ट्रीय शिविर एफआईएच महिला हॉकी वर्ल्ड कप क्वालीफायर 2026 की तैयारियों का अहम हिस्सा है। यह प्रतियोगिता 8 से 14 मार्च तक हैदराबाद में आयोजित होगी, जहां शीर्ष तीन टीमें 2026 महिला एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करेंगी।
शिविर के माहौल पर प्रतिक्रिया देते हुए नवनीत ने कहा कि ट्रेनिंग का स्तर काफी ऊंचा है और टीम का कोर ग्रुप मजबूत नजर आ रहा है। सभी खिलाड़ी पूरी तरह फोकस्ड हैं और आने वाली चुनौती के लिए गंभीरता से तैयारी कर रहे हैं।
नवनीत कौर ने नए मुख्य कोच स्जोर्ड मारिन के साथ काम करने के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि कोच का संवाद बेहद स्पष्ट है और वे खिलाड़ियों को साफ बताते हैं कि उनसे क्या अपेक्षा है और किन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है। इससे टीम को एकजुट होकर बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिल रही है।
उन्होंने बताया कि कुछ सीनियर खिलाड़ियों के पहले से कोच मारिन के साथ काम करने का अनुभव टीम के लिए फायदेमंद साबित हो रहा है, क्योंकि इससे खिलाड़ियों और कोच के बीच आपसी समझ जल्दी बन रही है।
हाल ही में महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग में एसजी पाइपर्स को खिताब दिलाने वाली नवनीत ने कहा कि विदेशी खिलाड़ियों के साथ खेलने से युवा खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और इसका सकारात्मक असर राष्ट्रीय शिविर में भी देखने को मिल रहा है।
टीम के बदले हुए नजरिए पर जोर देते हुए नवनीत ने कहा कि शिविर का माहौल काफी सकारात्मक है। खिलाड़ी नई रणनीतियों को अपनाने के लिए तैयार हैं और लगातार सीखते हुए खुद को बेहतर बनाने पर काम कर रहे हैं।



