मुंबई, 06 फरवरी।
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज़ हर्षित राणा के लिए टी20 वर्ल्ड कप से पहले मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए अभ्यास मैच के दौरान घुटने में चोट लगने के बाद उनका टूर्नामेंट में खेलना संदेह के घेरे में आ गया है।
भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अमेरिका के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले पहले मुकाबले से पहले कहा कि हर्षित राणा की चोट पूरी तरह ठीक नहीं लग रही है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी की फिटनेस को लेकर अंतिम फैसला मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आज लिया जाएगा।
यह चोट नवी मुंबई स्थित डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में खेले गए अभ्यास मैच के दौरान लगी। मुकाबले में हर्षित राणा केवल एक ओवर ही डाल सके, जिसमें उन्होंने 16 रन खर्च किए। ओवर पूरा करने के बाद वे लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए, जिससे टीम प्रबंधन की चिंता बढ़ गई।
24 वर्षीय इस युवा तेज गेंदबाज़ का इस तरह मैदान छोड़ना भारतीय टीम के लिए झटका माना जा रहा है। अब चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट की निगाहें मेडिकल टीम की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके बाद ही यह तय हो सकेगा कि हर्षित राणा टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा बन पाएंगे या नहीं।



