रियाद, 06 फ़रवरी।
पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो एक बार फिर अल-नस्र की मैचडे टीम में जगह नहीं बना सके। सऊदी प्रो लीग में अल-इत्तिहाद के खिलाफ मुकाबले के लिए घोषित स्क्वॉड में उनका नाम नहीं था। यह लगातार दूसरा मैच है, जिसमें पांच बार के बैलन डी’ऑर विजेता मैदान पर नजर नहीं आए। इससे पहले 2 फरवरी को अल-रियाद के खिलाफ लीग मुकाबले में भी रोनाल्डो टीम का हिस्सा नहीं थे।
इस बीच पुर्तगाल में रोनाल्डो के भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। स्थानीय अखबार ए बोला की रिपोर्ट के मुताबिक, रोनाल्डो क्लब की सर्दियों की ट्रांसफर विंडो में सीमित गतिविधियों से संतुष्ट नहीं हैं, जिससे उनके असंतोष की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं।
रोनाल्डो का अल-नस्र के साथ मौजूदा करार अभी करीब 18 महीने का शेष है। उन्होंने वर्ष 2022 में मैनचेस्टर यूनाइटेड को छोड़कर सऊदी क्लब से जुड़ने का फैसला किया था। उनके आगमन के बाद सऊदी प्रो लीग को वैश्विक पहचान मिली और कई यूरोपीय सितारों ने भी यहां खेलने का रास्ता चुना।
सऊदी प्रो लीग का पक्ष
बीबीसी स्पोर्ट से बातचीत में सऊदी प्रो लीग के एक प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि किसी भी क्लब के फैसले किसी एक खिलाड़ी से ऊपर होते हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि क्रिस्टियानो रोनाल्डो के आने के बाद से वे अल-नस्र से पूरी तरह जुड़े रहे हैं और क्लब की महत्वाकांक्षाओं व विकास में उनकी अहम भूमिका रही है। एक शीर्ष स्तर के खिलाड़ी के तौर पर उनका जीतने की चाह स्वाभाविक है।
उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी खिलाड़ी, चाहे वह कितना ही बड़ा क्यों न हो, क्लब से बाहर के फैसलों को प्रभावित नहीं करता। हालिया ट्रांसफर गतिविधियां यह दर्शाती हैं कि अलग-अलग क्लबों ने अपनी रणनीति और वित्तीय सीमाओं के अनुसार फैसले लिए हैं।
अल-नस्र के लिए रोनाल्डो का प्रदर्शन
क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब तक अल-नस्र के लिए 127 मुकाबलों में 111 गोल दाग चुके हैं और 22 असिस्ट भी उनके नाम दर्ज हैं। क्लब के साथ उनका अब तक का एकमात्र खिताब अरब क्लब चैंपियंस कप रहा है।



