जोधपुर, 23 फरवरी 2026।
जोधपुर शहर के निकट बोरानाडा स्थित नारनाडी इलाके में एक निजी बैंक के एटीएम में चोरी का प्रयास किया गया, जिसे पड़ोस में स्थित एक दुकानदार की सजगता के कारण विफल कर दिया गया। सूचना मिलने पर शाखा प्रबंधक मौके पर पहुंचे और एटीएम का शटर बंद कर युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना को लेकर बोरानाडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पुलिस के अनुसार सरदारपुरा निवासी आईडीबीआई बैंक नारनाडी शाखा प्रबंधक विकास शर्मा ने रिपोर्ट दी कि नारनाडी स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने बैंक और उसका एटीएम स्थित है, जहां दुकाननुमा एटीएम का संचालन हो रहा था। सोमवार को एक युवक एटीएम में घुस गया और काफी देर तक अंदर ही रहा। पड़ोस के दुकानदार ने सूचना दी कि एटीएम में एक अज्ञात व्यक्ति काफी देर से अंदर है। इसके बाद शाखा प्रबंधक मौके पर पहुंचे और एटीएम का शटर बंद कर पुलिस को सूचना दी। बाद में युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
रिपोर्ट के अनुसार युवक ने एटीएम में लगे कैमरों पर किसी सामग्री को चिपका दिया था। हालांकि वह चोरी करने में सफल नहीं हो सका और न ही एटीएम मशीन से कोई छेड़छाड़ कर पाया। पुलिस ने आरोपी युवक को शांतिभंग के आरोप में हिरासत में लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।



