जोधपुर, 12 मार्च 2026।
कमिश्नरेट के जिला पश्चिम चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र के पाल रोड स्थित मंगलदीप कॉम्प्लेक्स में हुई फायरिंग मामले का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा करते हुए संगठित अपराध से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर छह अवैध पिस्टल और 11 मैगजीन बरामद किए गए हैं, जबकि प्रकरण से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक अभी होश में नहीं आया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास एवं आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस आयुक्त शरत कविराज, पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार बंसल, डीसीपी ईस्ट पीडी. नित्या के निर्देशानुसार और एडीसीपी वेस्ट रोशन मीणा (आईपीएस) धन्नाराम के मार्गदर्शन में त्वरित अनुसंधान निष्पादन टीम गठित की गई। एसीपी प्रतापनगर रविन्द्र बोथरा और एसीपी पश्चिम छवि शर्मा के सुपरविजन में चौहाबोर्ड थानाधिकारी सुरेश चौधरी के नेतृत्व में घटनास्थल पर जांच की गई।
पाल रोड स्थित मंगलदीप कॉम्प्लेक्स के फ्लैट नं. 402 में फायरिंग की सूचना मिली थी। घायल छोटू सिंह पुत्र माधुसिंह को त्रिनय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अनिल पुत्र जीवनराम को एम्स अस्पताल आईसीयू वार्ड में रखा गया। घटना के समय मौके पर एफएसएल और एमओबी टीम भी बुलाई गई।
पुलिस ने गंभीरता को देखते हुए सीएसटी, डीएसटी पश्चिम, डीएसटी पूर्व, थानाधिकारी बोरानाडा, बासनी, शास्त्रीनगर, कुड़ी भगतासनी व माता का थान आदि को घटनास्थल पर लगाया। पुलिस टीमों ने 10-12 जगह दबिश दी और संगठित अपराध से जुड़े आरोपी भावंडा नागौर हाल ओमनगर माता का थान निवासी देवेन्द्र सिंह उर्फ मनसा पुत्र भंवरसिंह को जालोर जिले के आहोर से गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर छह अवैध पिस्टल और 11 मैगजीन बरामद की गई।
पुलिस की जांच में पता चला है कि घायल छोटू सिंह गैस पाइपलाइन पर किसी ठेका कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि अनिल और गिरफ्तार आरोपी देवेंद्र सिंह सीजिंग कार्य से जुड़े हैं। फायरिंग का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि पुराना विवाद होने का संदेह जताया जा रहा है। घायल अनिल के होश में आने के बाद मामले में आगे खुलासे की उम्मीद है।



