सिलीगुड़ी, 16 मार्च 2026।
नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस ने एक किलो से अधिक ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक का नाम अबुल कासिम (27) है और वह मालदा जिले के वैष्णवनगर का निवासी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात मालदा से ट्रेन में सवार होकर अबुल कासिम नक्सलबाड़ी पहुंचा था। रथखोला मोड़ पर संदिग्ध गतिविधि करते देख पुलिस ने उसे रोक कर तलाशी ली। युवक के पीठ पर मौजूद बैग से 11 प्लास्टिक के डिब्बे बरामद किए गए।
डिब्बों को खोलने पर उसमें से एक किलो से अधिक ब्राउन शुगर बरामद हुई। मादक पदार्थ की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को ड्रग तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि अबुल कासिम मालदा से मादक पदार्थ लाकर सीमा क्षेत्र में इसकी डिलीवरी करने के उद्देश्य से आया था। नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।



