शिमला, 16 मार्च।
शिमला जिले के कुमारसैन थाना क्षेत्र में एक ही रात में दो घरों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश कर रही है।
कुमारसैन के चलान गांव निवासी मोहन लाल डोगरा (58) ने पुलिस को बताया कि 14 मार्च की रात वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। रात करीब 9:30 बजे सभी परिवार के सदस्य सो गए थे। अगले दिन सुबह 15 मार्च को उनकी पत्नी घर में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान पूजा वाले कमरे में रखी ट्रंक गायब मिली।
परिवार ने ट्रंक की तलाश की तो करीब 150 मीटर दूर सड़क किनारे झाड़ियों में ट्रंक पाया गया। ट्रंक में रखे कई कीमती सामान बिखरे हुए थे। इनमें सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां, कान के टॉप्स की एक जोड़ी, दो सोने की नथ की तीलियां, सोने के झुमके, चांदी की दो पायल की जोड़ी, चांदी की चेन, चांदी का गिलास, छोटी चांदी की चम्मच और करीब 10 हजार रुपये नकद शामिल थे।
पुलिस के अनुसार इसी रात गांव लवाण में रहने वाले पूर्ण चंद के घर में भी चोरी हुई। उनके घर से तीन चैन वाला सोने का मंगलसूत्र, चार सोने की अंगूठियां (तीन महिलाओं और एक पुरुष की), अन्य सोने के गहने और लगभग 40 हजार रुपये नकद चोरी हो गए।
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 305 व 331(4) के तहत मामला दर्ज कर दिया है। जांच कुमारसैन थाना की महिला मुख्य आरक्षी सविता को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है और चोरों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों घटनाएं एक ही रात और एक ही इलाके में हुई हैं, इसलिए इन्हें जोड़कर भी जांच की जा रही है। मामले में सुराग जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी।



