शहडोल, 14 मार्च 2026।
उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने शासकीय बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय शहडोल में ब्लड सेंटर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सक धरती पर भगवान के स्वरूप होते हैं और मरीजों को नया जीवन देने का कार्य करते हैं।
श्री शुक्ल ने बताया कि यदि स्वास्थ्य विभाग का अमला पूरी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करे तो अस्पताल आने वाले मरीजों की आधी तकलीफ स्वत: दूर हो जाती है और उन्हें जीवन जीने का संबल भी मिलता है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्लड सेंटर का शुभारंभ शहडोल संभाग के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे संभाग के मरीजों को सरलता और सहजता से रक्त उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को चिकित्सकीय शिक्षा के साथ संवेदनशीलता और सेवा भावना का भी परिचय देने की आवश्यकता बताई।
श्री शुक्ल ने कहा कि मरीजों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य है और अध्ययन पूरा कर चिकित्सक बनने के बाद विद्यार्थियों को पिछड़े एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा प्रदान करनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की भी जानकारी दी।
प्रदेश में 19 शासकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और संख्या शीघ्र ही 26 हो जाएगी। शहडोल मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की सीटों को 100 से बढ़ाकर 200 तथा पीजी सीटों को 6 से 71 करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
श्री शुक्ल ने सीएम केयर योजना के तहत मेडिकल कॉलेजों में ह्रदय रोग, कैंसर और अंग प्रत्यारोपण की सुविधा देने की भी घोषणा की। उन्होंने रिक्त पदों की भर्ती हेतु विज्ञापन और वॉक-इन इंटरव्यू शीघ्र आयोजित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों एवं पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा रक्तदान की सराहना की गई और रक्त दाताओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. गिरीश बी. रामटेके ने टेलीमेडिसिन सेवा से मार्च 2025 से फरवरी 2026 तक 5587 मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करने की जानकारी दी। उन्होंने ब्लड सेंटर में 4 ब्लड बैंक रेफ्रिजरेटर और 2 डीप फ्रीजर की सुविधा की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में विधायक जयसिंह नगर श्रीमती मनीषा सिंह, विधायक जैतपुर श्री जयसिंह मरावी, विधायक ब्यौहारी श्री शरद कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रभा मिश्रा, कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री रामजी श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।



