इंदौर, 14 मार्च 2026।
आयुष्मान भारत “निरामयम्” योजना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने वेदान्त हॉस्पिटल, इंदौर के निरीक्षण के बाद इसे योजना से तत्काल निलंबित कर दिया है। निरीक्षण में अस्पताल में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
ऑपरेशन थिएटर की स्थिति बेहद खराब और अस्वच्छ पाई गई। सर्जिकल ऑनकोलॉजी में होने के बावजूद ट्यूमर बोर्ड की सुविधा अस्पताल में उपलब्ध नहीं थी।
कैजुअल्टी और इमरजेंसी सुविधाओं का अभाव भी पाया गया। इसके अलावा, प्रचार-प्रसार सामग्री, मरीजों के भोजन की व्यवस्था और पर्याप्त स्टाफ की कमी भी गंभीर रूप से देखने को मिली।
राज्य स्वास्थ्य एजेंसी ने इन अनियमितताओं को गंभीर वित्तीय और प्रक्रियागत त्रुटि माना है। अस्पताल के खिलाफ आगे की सख्त कार्रवाई करते हुए इसे योजना से असंबद्ध करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि वेदान्त हॉस्पिटल, इंदौर की यह निलंबन कार्रवाई स्वास्थ्य मानकों की सख्ती और मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से की गई है।


