हजारीबाग, 14 मार्च।
जिले के चरही थाना क्षेत्र में शनिवार को एनएच पर घाटों मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने पहले एक टेंपो को टक्कर मारी और फिर हजारीबाग की ओर से आ रही 'सागर' बस को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के साथ-साथ सड़क किनारे खड़ी एक 407 वाहन और फल-पान की गुमटी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
इस हादसे में फल दुकान पर मौजूद विक्रेता उदय सिंह (27) ट्रेलर के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटना में लगभग पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
दुर्घटना के बाद सड़क पर भारी जाम लग गया था। पुलिस ने वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य किया। चरही थाना प्रभारी कुंदन कांत विमल ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया और सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।



