प्रयागराज, 14 मार्च।
प्रयागराज जिले के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने शुक्रवार को एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से अवैध तमंचा भी बरामद किया गया। अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
सहायक पुलिस आयुक्त धूमनगंज अजेन्द्र यादव ने जानकारी दी कि घटना के तुरंत बाद पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए दबिश दी। इस दौरान रहमान नामक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तमंचा बरामद किया गया। पुलिस अब अन्य आरोपितों की खोज में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने की योजना है।
घटना की पृष्ठभूमि में एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के भीटी इलाके में 15 दिन पहले फुजैल के बेटों ने नजर नामक लड़के को मामूली विवाद पर पीटा था। मामला शांत होने के बाद शुक्रवार को अलविदा की नमाज के बाद फुजैल और नजर आमने-सामने आए। दोनों में कहा-सुनी शुरू हुई और नजर ने धमकी दी कि यदि हाथ उठाया तो गोली मार दूंगा। इसी विवाद के बीच नजर ने फुजैल पर देशी तमंचे से फायर किया।
गोली चलने से पास में खड़ी फुजैल की पत्नी और भतीजे को भी गोली लगी। दोनों का इलाज चल रहा है और पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित की गिरफ्तारी सुनिश्चित की है।



