13 मार्च, श्रीनगर।
कश्मीर के कुछ शिया बहुल इलाकों में शुक्रवार को ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के विरोध में प्रदर्शन शुरू हो गए। रमजान के आखिरी शुक्रवार को प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए श्रीनगर और घाटी के अन्य हिस्सों में पहले ही पाबंदियां लागू कर दी गईं।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण हैं, लेकिन कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुबह से लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगाई गई। प्रदर्शनकारियों ने ईरान में अमेरिका और इजरायल की आक्रामकता के खिलाफ और फिलिस्तीन के समर्थन में नारे लगाए।
सुरक्षा कारणों से शहर के नौहट्टा इलाके की ऐतिहासिक जामा मस्जिद भी बंद कर दी गई है। कश्मीर के प्रमुख धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक ने कहा कि यह लगातार सातवां वर्ष है जब रमजान के आखिरी शुक्रवार पर लोगों को मस्जिद में नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं मिली। उन्होंने इजराइल द्वारा मस्जिद अल-अक्सा के द्वार बंद करने की तुलना वर्तमान स्थिति से की और अपनी नाराजगी व्यक्त की।



