जम्मू 14 मार्च।
अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर पाकिस्तानी ड्रोन के भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने की सूचना मिलने के बाद शनिवार को सुरक्षा बलों ने जम्मू कश्मीर के सांबा जिले के कई अग्रिम गांवों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार देर रात रामगढ़ सेक्टर के कंद्राल अबताल और बहादुरपुर गांवों के ऊपर कुछ समय के लिए पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधि देखी गई। घटना के बाद पूरे इलाके को कड़ी निगरानी में रखा गया और सुबह होते ही सुरक्षा बलों ने सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सीमा पार से हथियार या नशीले पदार्थों की हवाई तस्करी न हुई हो।
पिछले दो दिनों में आर एस पुरा सेक्टर के सीमावर्ती गांवों में ड्रोन के माध्यम से हेरोइन गिराए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए बीस करोड़ रुपये से अधिक अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य की साढ़े तीन किलोग्राम से ज्यादा हेरोइन बरामद की है।
शुक्रवार को आर एस पुरा सेक्टर में हुई ताजा बरामदगी के मामले में दो संदिग्ध नशीले पदार्थ तस्करों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं और सीमा क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।


