कोलकाता, 11 मार्च।
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा को अवैध रूप से पार करने का प्रयास कर रहे एक अफगान नागरिक को सीमा सुरक्षा बल ने गिरफ्तार किया है। इस घटना के बाद सीमा सुरक्षा एजेंसियों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
सीमा सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान अलजाही मुसाफर के रूप में हुई है, जो अफगानिस्तान के निमरोज प्रांत का निवासी बताया जा रहा है। उसे देर रात नदिया जिले के फतेपुर सीमा क्षेत्र में नियमित गश्त के दौरान पकड़ा गया।
आरोपी के पास भारत में प्रवेश के लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं थे और न ही उसके पास बांग्लादेश का कोई पहचान पत्र था।
प्रारंभिक पूछताछ के बाद अलजाही मुसाफर को पश्चिम बंगाल पुलिस के हवाले कर दिया गया। मंगलवार को रानाघाट की अदालत ने उसे पुलिस हिरासत में भेजा। वह फिलहाल हांसखाली थाना की पुलिस हिरासत में है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी यह स्पष्ट नहीं कर सका कि वह किस उद्देश्य से सीमा क्षेत्र में आया और किसके सहयोग से उसने अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने का प्रयास किया। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने पहले बांग्लादेश तक कैसे पहुंचा और वहां से भारत में प्रवेश करने की कोशिश की।



