यमुनानगर, 14 मार्च 2026।
यमुनानगर शहर थाना पुलिस ने विवाह के उद्देश्य से नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। वहीं 17 वर्षीय किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।
थाना प्रबंधक नरिंदर सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने शिकायत की थी कि उसकी बेटी सुबह स्कूल के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एएसआई किरण कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और अन्य माध्यमों से मामले की जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान जानकारी मिली कि जम्मू कॉलोनी निवासी मोहित किशोरी को शादी के उद्देश्य से अपने साथ ले गया है।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और किशोरी को सुरक्षित बरामद किया। किशोरी का बयान दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। थाना प्रबंधक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।



