बाराबंकी, 14 मार्च।
बाराबंकी पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के समय उसके कब्जे से अवैध असलहा और कारतूस भी बरामद किए गए।
एडिशनल एसपी रितेश प्रताप सिंह ने बताया कि देर रात स्वाट टीम और थाना असंद्रा की पुलिस टीम आपराधिक घटनाओं की रोकथाम हेतु चेकिंग कर रही थी। कन्धवापुर मोड़ के पास सिद्धौर से रामसनेहीघाट हाईवे की ओर एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से आता दिखा। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन संदिग्ध ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया और गिरफ्तारी से बचने के लिए जान से मारने की नियत से फायरिंग की।
इस फायरिंग में प्रभारी स्वाट टीम उ0नि0 अंकित त्रिपाठी बाल-बाल बच गए, लेकिन पुलिस ने बचाव में फायरिंग की। इस दौरान संदिग्ध के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल बदमाश को तुरंत उपचार के लिए सीएचसी सिद्धौर भेजा गया।
गिरफ्तार किए गए अपराधी की पहचान रूपेन्द्र उर्फ सूरज सिंह पुत्र पुत्तन सिंह निवासी देवरी रुखारा, थाना बक्शी का तालाब, जनपद लखनऊ के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक अदद अवैध तमंचा .315 बोर, 01 अदद जिंदा कारतूस और 01 अदद खोखा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में गिरफ्तार रूपेन्द्र उर्फ सूरज सिंह के खिलाफ थाना जहांगीराबाद में मु0अ0सं0-20/2026, धारा 310(2)/317(3) बीएनएस में वांछित था। पुलिस उप महानिरीक्षक अयोध्या परिक्षेत्र ने इस बदमाश की गिरफ्तारी हेतु 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
गिरफ्तार किए गए बदमाश पर लखनऊ, बाराबंकी समेत अन्य जिलों में एक दर्जन से अधिक गंभीर मामलों में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने मुठभेड़ में सफलता हासिल कर जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।



