पानीपत, 14 मार्च।
पानीपत की बत्रा कॉलोनी में बीती रात चोरों ने एक मजदूर के घर में तब चोरी की वारदात को अंजाम दिया जब परिवार सो रहा था। चोरों ने खूंटी पर टंगे पर्स से सोने के कीमती जेवरात चुरा लिए, लेकिन पर्स की दूसरी जेब में रखी नकदी और चांदी के गहनों को हाथ तक नहीं लगाया।
बत्रा कॉलोनी निवासी साहिल ने बताया कि सुबह उसकी मां सहरी के लिए उठीं और देखा कि कमरे के दरवाजे के पास पर्स पड़ा है। पर्स की जांच करने पर पाया गया कि उसके ऊपर रखे सोने के आभूषण गायब थे। चोरों ने कुल 16 ग्राम वजनी सोने के जेवरात चुरा लिए।
अचानक यह भी देखा गया कि पर्स में रखे 1500 रुपए नकद और 15 तोले चांदी की पाजेब को चोरों ने नहीं छुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुराना औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
शनिवार को थाना पुराना औद्योगिक प्रभारी देवेंद्र ने बताया कि यह मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि अगर चोरी के इरादे से चोर आया होता तो नकदी और चांदी के गहने छोड़कर नहीं जाता। जांच के बाद ही वास्तविकता साफ हो पाएगी। पुलिस ने आश्वस्त किया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।



