रायपुर, 14 मार्च 2026।
छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी सराफा कारोबारी की हवाई यात्रा के दौरान लगेज से सोने का नेकलेस गायब हो गया। पीड़ित की शिकायत पर माना थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कारोबारी 12 मार्च 2026 को अपने परिवार के साथ जोधपुर से दिल्ली होते हुए रायपुर पहुंचे। दिल्ली से रायपुर के लिए उन्होंने कनेक्टिंग एयर इंडिया की फ्लाइट ली। इस दौरान उनका ट्रॉली बैग विमान में बुक लगेज के रूप में भेजा गया था।
बताया गया कि सूटकेस पहले जोधपुर एयरपोर्ट पर जमा किया गया और फिर दिल्ली एयरपोर्ट पर दोबारा बुक किया गया। रायपुर पहुंचने के बाद बैग खोला गया तो उसमें रखा सोने का नेकलेस गायब मिला। कारोबारी और परिवार इस घटना से हैरान रह गए।
पीड़ित ने तुरंत माना थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आशंका जताई कि यात्रा के दौरान किसी ने लगेज से नेकलेस निकाल लिया।
माना थाना पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है। पुलिस ने जोधपुर, दिल्ली और रायपुर एयरपोर्ट के अधिकारियों से संपर्क कर ट्रांजिट के दौरान सीसीटीवी फुटेज प्राप्त करने का प्रयास शुरू कर दिया है।
पुलिस अब तीनों हवाई अड्डों के फुटेज की जांच कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जेवर कहाँ से गायब हुए। ट्रॉली बैग को जोधपुर में जमा किया गया और दिल्ली में फिर से चेक-इन किया गया, इसलिए सभी कर्मचारियों और लोडिंग स्टाफ की भूमिका की भी जांच की जा रही है। संबंधित एयरलाइन से भी जानकारी ली जा रही है।



