यमुनानगर, 14 मार्च।
यमुनानगर यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर सहायता दिलाने के उद्देश्य से शनिवार को मिल्क सुखी टोल प्लाजा पर विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया। इस दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को केंद्र सरकार की राहवीर योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुशल पाल ने किया। उनकी टीम ने टोल प्लाजा से गुजर रहे वाहन चालकों, यात्रियों और आम लोगों को सड़क दुर्घटना के दौरान घायलों की सहायता करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कई बार लोग कानूनी झंझट या पुलिस कार्रवाई के डर से मदद करने से हिचकिचाते हैं, जबकि समय पर सहायता मिलने से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। ट्रैफिक थाना प्रभारी ने बताया कि सरकार ने ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए राहवीर योजना लागू की है।
योजना के तहत यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय रहते अस्पताल पहुंचाने या उसकी जान बचाने में मदद करता है, तो उसे 25 हजार रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति पत्र और ‘राहवीर’ की उपाधि दी जाती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घायल की सहायता करने वाले व्यक्ति को पुलिस या अस्पताल प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी, न ही अनावश्यक पूछताछ या कानूनी प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति भी जागरूक किया। उन्हें सीट बेल्ट और हेलमेट का उपयोग करने और ओवर स्पीडिंग से बचने की सलाह दी गई। मौजूद लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रहेंगे।



