नारनौल, 13 मार्च।
जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी एवं एलपीजी उपलब्ध हैं, इसलिए जनता को किसी भी तरह की घबराहट में आने की आवश्यकता नहीं है। शुक्रवार को उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने जिले में इन उत्पादों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
उपायुक्त ने गैस एजेंसियों को सख्त आदेश दिए कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग या किसी अन्य उद्देश्य के लिए डायवर्जन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही सिलेंडरों की ओवरचार्जिंग और डबल स्टॉकिंग पर पूर्ण पाबंदी है। प्रशासन ने अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
व्यवस्था की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उपायुक्त ने सभी पेट्रोलियम डीलरों को एलपीजी का अधिकतम स्टॉक बनाए रखने और तेल विपणन कंपनियों को जिला प्रशासन को दैनिक स्टॉक व आपूर्ति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि कोई भी असामाजिक तत्व यदि बाजार में कृत्रिम कमी पैदा करने, जमाखोरी या कालाबाजारी करता है, तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से एलपीजी का विवेकपूर्ण उपयोग करने और किसी भी शिकायत या समस्या के समाधान के लिए उपभोक्ता निदेशालय के टोल-फ्री नंबर 18001802087 पर संपर्क करने की अपील की गई है।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और तेल उद्योग के प्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी है, ताकि जिले की जनता को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े।



