भोपाल, 14 मार्च 2026।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक घटनाक्रम और मध्य पूर्व देशों के प्रभाव की समीक्षा हेतु गठित मंत्रीमंडल समिति की बैठक शुक्रवार को मंत्रालय में आयोजित हुई। बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत, एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री चैतन्य काश्यप ने समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री श्री काश्यप वर्चुअली शामिल हुए।
बैठक में घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध कराने और एजेंसियों के माध्यम से वितरण व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में एलपीजी गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
गैस एजेंसियों के संचालन, सिलेंडर वितरण की समयबद्धता और उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा भी की गई। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में गैस उपलब्धता पर विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने गैस कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर आपूर्ति श्रृंखला मजबूत करने के निर्देश दिए।
खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि प्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थ पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और गैस सिलेण्डरों की कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने एजेंसियों और तेल कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर मांग और आपूर्ति की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने पर जोर दिया।
मंत्री श्री काश्यप ने बताया कि सिलेण्डर बुकिंग पोर्टल में तकनीकी खराबी के कारण समस्या हुई थी, इसे दुरुस्त किया जा रहा है और आवश्यकता अनुसार ऑफलाइन बुकिंग भी की जाएगी।
अपर मुख्य सचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण श्रीमती रश्मि अरुण शमी ने पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता और प्रदेश के प्रवासियों को खाड़ी देशों से सुरक्षित लाने के प्रयासों की जानकारी दी। आयल कंपनी के स्टेट नोडल ऑफिसर श्री अजय श्रीवास्तव ने कहा कि गैस सिलेण्डर का पर्याप्त स्टॉक वाटलिंग प्लांट और वितरकों के गोदाम में उपलब्ध है और सर्वर पर अतिरिक्त लोड को त्वरित व्यवस्थित किया जा रहा है।
देश की रिफायनरी उच्च क्षमता पर कार्य कर रही है और अतिरिक्त कच्चे तेल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। घरेलू पीएनजी और सीएनजी की आपूर्ति निरंतर जारी है। राज्य और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं और प्रतिदिन स्थिति की समीक्षा की जा रही है। उपभोक्ता गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत/सुझाव के लिए इंडियन ऑयल के टोलफ्री नंबर 1800-2333-555, एचपीसीएल 1800-258-7170 और भारत पेट्रोलियम 1800-22-4344 पर संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में सचिव गृह श्रीमती कृष्णावेनी देसाबातू, आयुक्त खाद्य श्री कर्मवीर शर्मा और ऑयल कंपनियों के अधिकारी उपस्थित रहे।



