नई दिल्ली, 13 मार्च।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने शुक्रवार को केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी और पेट्रोलियम मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की वर्तमान स्थिति और होटल एवं पर्यटन उद्योग पर पड़ रहे प्रभाव पर चर्चा की।
बैठक में शेखावत ने बताया कि सरकार ने स्थिति को सामान्य करने के लिए त्वरित कदम उठाने का निर्णय लिया है। इसके तहत आज से ही व्यवसायों को उनकी औसत मासिक वाणिज्यिक गैस आवश्यकता का लगभग 20 प्रतिशत उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही होटलों और रेस्तरां को राहत देने के लिए गैस की अतिरिक्त आपूर्ति की व्यवस्था पर भी काम किया जा रहा है।
शेखावत ने कहा कि इस पूरे मामले पर पेट्रोलियम मंत्रालय और पर्यटन मंत्रालय के बीच समन्वय बनाए रखा जाएगा। उद्योग से जुड़े हितधारकों के साथ भी संवाद जारी रहेगा, ताकि उनकी समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके। उन्होंने बताया कि वर्तमान दबाव वैश्विक स्तर पर चल रहे युद्ध के कारण उत्पन्न आपूर्ति व्यवधान का परिणाम है।
मंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने के साथ होटल-पर्यटन क्षेत्र को सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।



