काठमांडू, 14 मार्च 2026।
पश्चिम एशियाई देश लेबनान में संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन के तहत तैनात नेपाली सैनिकों के बटालियन मुख्यालय पर शुक्रवार देर रात हवाई हमला हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हमले में किसी भी प्रकार की मानवीय क्षति नहीं हुई है।
नेपाल के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक यह हमला दक्षिण–पूर्वी लेबनान के अल-जाबेल क्षेत्र में हुआ। नेपाली सेना के ब्रिगेडियार जनरल राजाराम बस्नेत ने बताया कि ब्लू लाइन के नजदीक स्थित संयुक्त राष्ट्र मिशन के तहत तैनात नेपाली शांति सेना के बटालियन मुख्यालय पर ड्रोन से हमला किया गया।
नेपाल की सेना लंबे समय से विभिन्न संघर्षग्रस्त क्षेत्रों में संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन के तहत तैनात रही है। लेबनान में भी नेपाली सैनिक सीमा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने, निगरानी करने तथा स्थानीय नागरिकों की सहायता करने का कार्य कर रहे हैं।
जिस क्षेत्र में हमला हुआ, वह लेबनान और इजरायल की सीमा के पास स्थित संवेदनशील इलाकों में आता है। यह हमला ब्लू लाइन के आसपास बढ़ते सैन्य तनाव के बीच हुआ। ब्लू लाइन वह अंतरराष्ट्रीय सीमा रेखा है जिसे संयुक्त राष्ट्र ने लेबनान और इजरायल के बीच सीमा निर्धारण के लिए चिह्नित किया है।
हालांकि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, फिर भी घटना को गंभीर माना जा रहा है। नेपाली सेना ने कहा कि नेपाल का विदेश मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय और संयुक्त राष्ट्र मिशन इस हमले की प्रकृति और कारणों की जांच कर रहे हैं। साथ ही, लेबनान में तैनात नेपाली सैनिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र के साथ समन्वय बनाए रखा जा रहा है।



