इंफाल, 14 मार्च।
मणिपुर में उग्रवादियों के विरुद्ध पुलिस और सुरक्षा बलों की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों से कुल पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से हथियार और नकदी भी बरामद की गई।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय के अनुसार, थांगल बाजार से प्रतिबंधित संगठन केसीपी (अपुनबा) के सक्रिय कैडर मोइरांगथेम हेम्बा सिंह (26) उर्फ लाइबा को गिरफ्तार किया गया। यह व्यक्ति पुंगदोंगबाम मयाई लेइकाई, इंफाल पूर्वी ज़िले का निवासी है।
वहीं, न्यू चेकॉन इलाके से यूएनएलएफ (पी) संगठन के चार सक्रिय कैडरों को भी गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान कोइजम सुंदर मैतेई (29), थांगजम सूरज सिंह (27) उर्फ लुखोई, संजरामबम रवि सिंह (30) और निंगोमबम नेपोन मैतेई (30) के रूप में हुई। ये घाटी क्षेत्र के स्कूलों और कॉलेजों से रंगदारी वसूलने में शामिल थे।
गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से पुलिस ने एक 7.62 पिस्तौल, जिसमें 7 राउंड वाली मैगज़ीन और होल्स्टर, एक .32 पिस्तौल, जिसमें 10 राउंड वाली मैगज़ीन, एक महिंद्रा स्कॉर्पियो, 2 लाख 60 हजार रुपये नकद, छह मोबाइल हैंडसेट, दो हथियार लाइसेंस (संभावित नकली), दो वॉलेट, तीन आधार कार्ड और एक डायरी जिसमें यूएनएलएफ (पी) संगठन के लिए रंगदारी सूची दर्ज थी, बरामद की। आगे की जांच जारी है।
सुरक्षा बल हिंसा प्रभावित ज़िलों के सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार तलाशी अभियान और दबदबा बनाए रख रहे हैं। शुक्रवार को मणिपुर के अलग-अलग ज़िलों में कुल 116 नाके और चेक पॉइंट लगाए गए, हालांकि इस दौरान किसी को हिरासत में नहीं लिया गया।
राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक सामान ले जा रहे 50 वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की गई। सभी संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा कड़े बनाए गए और वाहनों की सुरक्षित एवं बेरोकटोक आवाजाही के लिए सुरक्षा काफिला भी तैनात किया गया।



