जम्मू, 14 मार्च।
प्रदेश की शीतकालीन राजधानी जम्मू शहर में यातायात की भीड़भाड़ वाले मार्गों पर सरकार 7 मीटर लंबी छोटी इलैक्ट्रिक बसें चलाने की योजना बना रही है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, जम्मू और श्रीनगर में पहले से 12 मीटर और 9 मीटर लंबी करीब 200 इलैक्ट्रिक बसें चल रही हैं, लेकिन ये ज्यादातर बाहरी रूटों पर सीमित हैं।
शुरुआत में मुख्य रूट जैसे शास्त्री नगर, त्रिकुटा नगर, गांधीनगर, कच्ची छावनी, ज्युल, इंदिरा चौक आदि में बसें चलाई गई थीं, लेकिन उनकी लंबाई अधिक होने के कारण निजी ट्रांसपोर्टरों ने विरोध किया। परिणामस्वरूप, जम्मू स्मार्ट सिटी मिशन के तहत इन बसों को बाहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की तरफ डाइवर्ट किया गया। कुछ बसें नियमों को ताक पर रखकर सांबा, कठुआ, रियासी, ऊधमपुर जिलों में भी भेजी गईं।
प्रधानमंत्री इलैक्ट्रिक बस योजना के तहत अब जम्मू-कश्मीर में 200 नई इलैक्ट्रिक बसें जल्द ही शुरू होंगी। इनमें से करीब 70 प्रतिशत 7 मीटर लंबी होंगी। उच्च पदस्थ अधिकारी के अनुसार, ये छोटी बसें जम्मू शहर के आंतरिक रूटों पर आसानी से चलेंगी और सार्वजनिक यातायात में नई क्रांति लाएंगी।
अधिकारी ने बताया कि इन बसों से प्रदूषण कम होगा और शहरी क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन सुविधा मजबूत होगी। घर के पास से बस सुविधा मिलने से निजी वाहनों पर निर्भरता भी घटेगी और नागरिकों के लिए आवाजाही सरल होगी।


