यमुनानगर, 13 मार्च।
यमुनानगर शहर की एक प्लाईवुड फैक्ट्री में कार्य के दौरान स्टोर मैनेजर नितिन सेखड़ी (44) जेसीबी मशीन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक दो बच्चों के पिता थे और फैक्ट्री में स्टोर मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, नितिन अपनी ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन उठाने के लिए झुके, तभी पास में चल रही जेसीबी मशीन उनका शरीर रौंदते हुए गुजर गई। गंभीर चोट लगने पर फैक्ट्री कर्मचारियों ने उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च संस्थान के लिए रेफर किया, लेकिन रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई।
थाना छप्पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया। मृतक के परिजनों की शिकायत पर जेसीबी चालक सतनाम सिंह निवासी हरनौली के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


