पश्चिम मेदिनीपुर, 14 फरवरी।
जिले के दांतन-दो नंबर ब्लॉक अंतर्गत खड़रुई क्षेत्र में वाम शासनकाल से जर्जर हालत में पड़े ऑडिटोरियम के जीर्णोद्धार के लिए राशि स्वीकृत कर दी गई है। साकेत गोखले ने खड़रुई स्थित ऑडिटोरियम के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्य के लिए लगभग साढ़े 12 लाख रुपये की धनराशि आवंटित की है।
शुक्रवार शाम यह जानकारी दांतन-दो ब्लॉक पंचायत समिति के कार्याध्यक्ष तथा ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष शेख इफ्तेखार अली ने पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि लंबे समय से ऑडिटोरियम जर्जर अवस्था में पड़ा था, जिससे स्थानीय लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सरकारी कार्यक्रमों के आयोजन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक वर्ष 2008 के आसपास वाम शासनकाल में ‘खुदीराम स्मृति भवन’ नाम से करीब 300 सीटों वाला यह प्रेक्षागृह शुरू किया गया था। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद देखरेख के अभाव में भवन की स्थिति लगातार खराब होती गई। क्षेत्रवासियों की मांग थी कि भवन का पुनरुद्धार कर इसे फिर से उपयोग योग्य बनाया जाए। इस संबंध में स्थानीय प्रशासन ने राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा था।
शुक्रवार को दांतन-दो ब्लॉक के बीडीओ अभिरूप भट्टाचार्य, पंचायत समिति के वन एवं भूमि विभाग के कार्याध्यक्ष शेख इफ्तेखार अली सहित अन्य अधिकारियों ने ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि शीघ्र ही मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।
राशि स्वीकृत होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि ऑडिटोरियम के पुनः संचालित होने से सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।



