26 फरवरी 2026।
रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'हंसी तो फंसी' एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने के लिए तैयार है। पीवीआर और धर्मा प्रोडक्शंस के सहयोग से इस फिल्म को 6 मार्च को सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज किया जाएगा। विनील मैथ्यू के निर्देशन में बनी यह फिल्म वर्ष 2014 में रिलीज हुई थी और दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाने में सफल रही थी।
सूत्रों के अनुसार फिल्म 6 मार्च को एक बार फिर सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा अभिनीत यह फिल्म पारंपरिक प्रेम कहानियों से अलग कहानी पेश करती है। इसमें भावनात्मक उतार-चढ़ाव, अजीब परिस्थितियां और हल्के-फुल्के हास्य का समावेश है। फिल्म के गीत-संगीत और संवाद आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय बने हुए हैं। परिणीति का टंग ट्विस्टर वाला संवाद सोशल मीडिया पर अक्सर वायरल होता रहता है।
फिल्म की री-रिलीज पर निर्माता करण जौहर ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उनके लिए बेहद खास है। उनके अनुसार यह कोई पारंपरिक प्रेम कहानी नहीं बल्कि असंगत व्यक्तित्वों के बीच प्रेम की कहानी है, जो अपनी अपूर्णता में भी सुंदर लगती है। फिल्म का निर्माण करण जौहर के साथ विकास बहल, विक्रमादित्य मोटवाने और अनुराग कश्यप ने किया था। सहायक भूमिकाओं में अदा शर्मा, मनोज जोशी, बॉबी डार्लिंग, शरत सक्सेना और नीना कुलकर्णी नजर आए थे। रोमांटिक कॉमेडी पसंद करने वाले दर्शकों के लिए यह री-रिलीज पुराने जादू को फिर से बड़े पर्दे पर देखने का अवसर होगी।



