अभिनेता-निर्देशक फरहान अख्तर को आखिरी बार फिल्म ‘120 बहादुर’ में देखा गया था, जो नवंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। अब वह अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। खबर है कि उन्हें प्रसिद्ध हॉलीवुड निर्देशक सैम मेंडेस की महत्वाकांक्षी बायोपिक परियोजना ‘द बीटल्स’ में अहम किरदार मिला है। इस खबर से उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मेंडेस इससे पहले ‘हैमनेट’ और ‘स्पेक्टर’ जैसी चर्चित फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।
पंडित रवि शंकर की भूमिका में नजर आएंगे फरहान
रिपोर्ट्स के मुताबिक सोनी पिक्चर्स ने अपनी बहुप्रतीक्षित परियोजना ‘द बीटल्स– ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ के लिए नए कलाकारों की घोषणा की है, जिसमें फरहान अख्तर का नाम भी शामिल है। वह इस फिल्म में महान भारतीय शास्त्रीय संगीतकार पंडित रवि शंकर का किरदार निभाते दिखाई देंगे। उल्लेखनीय है कि 1970 के दशक में ‘द बीटल्स’ के भारत दौरे के दौरान पंडित रवि शंकर ने उनकी मेजबानी की थी और उन्हें भारतीय संगीत से परिचित कराया था। यह फरहान के करियर की पहली अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म होगी। इससे पहले वह अमेरिकी वेब सीरीज ‘मिस मार्वल’ में कैमियो भूमिका में नजर आ चुके हैं।
अन्य कलाकार भी होंगे शामिल
चार भागों में तैयार हो रही इस बायोपिक में कई अंतरराष्ट्रीय कलाकारों को भी शामिल किया गया है। जानकारी के अनुसार पॉल मैककार्टनी की मंगेतर जेन एशर की भूमिका में लूसी बॉयटन दिखाई देंगी। वहीं, बीटल्स के मूल ड्रमर स्टुअर्ट सटक्लिफ के किरदार में हैरी लॉटी और जॉन लेनन की पहली पत्नी सिंथिया पॉवेल के रूप में मॉर्फिड क्लार्क नजर आएंगी।
फिलहाल फिल्म की शूटिंग कब और कहां शुरू होगी, इसे लेकर निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि इस अंतरराष्ट्रीय परियोजना से फरहान अख्तर का जुड़ना भारतीय सिनेमा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।



