जांजगीर-चांपा, 27 फरवरी।
जिले में बैंक से रकम निकालकर लौट रहे किसानों और ग्रामीणों के साथ हो रही ठगी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने जागरूकता पोस्टर का विमोचन कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
एसपी पाण्डेय ने बताया कि ठग विभिन्न तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। कई मामलों में वे मदद का झांसा देकर पास आते हैं और रकम गायब कर देते हैं या ध्यान भटकाकर बैग बदल देते हैं। ऐसे अपराधों की रोकथाम के लिए किसानों और ग्रामीण नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
पुलिस ने सलाह दी है कि अधिक धनराशि निकालते समय अकेले न जाएं और किसी विश्वसनीय व्यक्ति को साथ रखें। बैंक परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें तथा अजनबियों की सहायता लेने से बचें। किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 97491-93199 पर सूचना देने को कहा गया है।
साइबर ठगी को लेकर भी पुलिस ने चेतावनी जारी की है। अज्ञात कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा न करें और ओटीपी, एटीएम पिन या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर फ्रॉड होने पर राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल संपर्क करने की सलाह दी गई है।
एसपी ने नागरिकों से अपील की कि वे जागरूक रहें और किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।



