नई दिल्ली, 10 फरवरी।
संसद के मौजूदा सत्र में केंद्र सरकार को घेरने की रणनीति को लेकर कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को अहम बैठक की। बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मौजूद रहे। इस दौरान ‘इंडी’ गठबंधन के फ्लोर लीडर्स ने सत्र के दौरान विपक्ष की भूमिका, मुद्दों और संयुक्त रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
इसी बीच लोकसभा से निलंबित किए गए आठ सांसदों ने संसद भवन के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल सांसदों में गुरदीप सिंह औजला, मणिकम टैगोर, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, किरण कुमार रेड्डी, हिबी ईडन और डीन कुरियाकोस शामिल रहे। सांसदों ने हाथों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़े पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
इससे पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसदों ने भी मंगलवार को मकर द्वार पर प्रदर्शन किया। राजद सांसदों ने बिहार में बेरोजगारी, अपराध, बलात्कार, गरीबी, पलायन और अशिक्षा जैसे मुद्दों को उठाते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। इस प्रदर्शन में सांसद मनोज झा, प्रेमचंद गुप्ता और संजय यादव सहित कई नेता शामिल हुए, जिन्होंने बैनर और पोस्टर के माध्यम से अपनी मांगें रखीं।



