नई दिल्ली, 07 मार्च।
दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शनिवार को जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र के सी-1ए और सी-2 ब्लॉक में कुल 1.60 करोड़ रुपये की लागत वाले विकास कार्यों का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मंत्री सूद ने बताया कि इन ब्लॉकों में पिछले समय से लंबित सीवर, पानी की पाइप लाइन, सड़क निर्माण और डेंस कारपेटिंग जैसे कार्य अब तेजी से किए जा रहे हैं। सी-1ए ब्लॉक में 86.37 लाख रुपये की लागत से सीवर लाइन बिछाने, ड्रेन व सड़क निर्माण और डेंस कारपेटिंग का काम शुरू हुआ, जबकि सी-2 ब्लॉक में 73.91 लाख रुपये से सीवर लाइन, इंटरलॉकिंग गली, बैक लेन का आरएमसी निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास कार्य किए जा रहे हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार पूरे शहर में विकास कार्यों को तेज गति से कर रही है और इसका उद्देश्य नागरिकों को बेहतर आधारभूत ढांचा एवं जीवन-स्तर उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले दशक में विकास के नाम पर केवल बड़े विज्ञापन दिखाए गए और सरकारी खजाने का सही उपयोग नहीं हुआ।
इन कार्यों से जनकपुरी के स्थानीय निवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होगा और क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं में सुधार आएगा।



