भोपाल, 27 फरवरी।
क्लाइमेट पार्लियामेंट मध्य प्रदेश नेटवर्क द्वारा सामुदायिक ग्रीन एनर्जी जोन (सीजीईजेड) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आज शुक्रवार को ताज लेकफ्रंट, भोपाल में शाम 7:00 से 9:00 बजे तक गोलमेज बैठक आयोजित की जा रही है। इस बैठक में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला भी शामिल होंगे।
जनसंपर्क अधिकारी क्रांतिदीप अलूने ने बताया कि राज्य और देश के जलवायु लक्ष्यों की प्राप्ति, ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना और स्थानीय स्तर पर स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा को बढ़ावा देना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। सामुदायिक ग्रीन एनर्जी जोन का लक्ष्य प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में समुदाय-आधारित, विकेंद्रीकृत और सतत ऊर्जा समाधान लागू करना है, जिससे स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ, रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिले और हरित, आत्मनिर्भर तथा जलवायु-उत्तरदायी क्षेत्र विकसित हो सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि जाम्बिया में हाल ही में प्रेसिडेंशियल सोलर कन्स्टिट्युएंसी (पीएससीआई) जैसी पहल की गई है, जिसमें जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से सौर ऊर्जा का मॉडल तैयार किया गया। इसी तरह मध्य प्रदेश में भी विधायकों की सहभागिता से सीजीईजेड के क्रियान्वयन के लिए विधानसभा-स्तरीय रोडमैप तैयार किया जाएगा।
जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, इस गोलमेज बैठक में विधायकगण, विभागीय अधिकारी, ऊर्जा विशेषज्ञ और नीति-निर्माता भाग लेंगे। बैठक में जाम्बिया की पीएससीआई पहल पर वीडियो प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया जाएगा। विशेषज्ञों, जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से सीजीईजेड मॉडल राज्य में हरित विकास और सतत ऊर्जा के नए आयाम स्थापित करने में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।



