वाराणसी, 26 फरवरी।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी के चौकाघाट मुख्यालय में एनडीआरएफ बचावकर्मियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि वर्ष भर आपातकालीन परिस्थितियों या त्योहारों, मानसून की तेज़ बौछारों और शीत ऋतु की कठिनाई में भी बचावकर्मी मानव जीवन की सुरक्षा के प्रति पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध रहते हैं।
उन्होंने बताया कि कठिन और चुनौतीपूर्ण कार्य के मद्देनजर मानसिक स्वास्थ्य पर केंद्रित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसका उद्देश्य बचावकर्मियों की पेशेवर दक्षता बढ़ाना, तनाव प्रबंधन के उपाय साझा करना और मानसिक स्वास्थ्य सशक्त करना है।
कार्यक्रम में मनोवैज्ञानिक एवं सोशल मीडिया फाउंडेशन की निदेशक डॉ. संहिता चौधरी ने भी भाग लिया और कठिन परिस्थितियों में सकारात्मक सोच, भावनात्मक संतुलन और मानसिक दृढ़ता बनाए रखने के प्रभावी उपाय साझा किए।



