जयपुर, 11 फ़रवरी।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने युवाओं से आह्वान किया कि वे व्यक्तिगत उन्नति के साथ राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड से जुड़े युवा सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प के साथ समाज के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।
राज्यपाल बागडे राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के राज्य स्तरीय पुरस्कार समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने युवाओं को अधिकारों से पहले कर्तव्यों को महत्व देने की सीख देते हुए कहा कि राष्ट्र, समाज और शिक्षा के प्रति दायित्वबोध ही वास्तविक प्रगति का मार्ग प्रशस्त करता है।
उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड संगठन सेवा, अनुशासन और संकल्प की भावना से जुड़ा है, जो युवाओं में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करता है। राजस्थान को वीरों की धरती बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां शौर्य और साहस की गौरवशाली परंपरा रही है और विपरीत परिस्थितियों में भी मातृभूमि के लिए समर्पण की भावना कायम रही है।
राज्यपाल ने सेना में राजस्थान के युवाओं की महत्वपूर्ण भागीदारी का उल्लेख करते हुए स्काउट-गाइड से जुड़े युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया। उन्होंने आपातकाल के समय संगठन की भूमिका को भी याद किया।
समारोह में राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि वे स्वयं भी स्काउट संगठन से जुड़े रहे हैं और यह संस्था युवाओं में अनुशासन व प्रेरणा का संचार करती है। विधायक दर्शन सिंह, वीरेंद्र सिंह और अखिल शुक्ला ने भी अपने विचार रखे।
स्काउट-गाइड के मुख्य आयुक्त निरंजन आर्य ने राज्य में संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर राज्यपाल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्काउट-गाइड सदस्यों को राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ साहसिक शिविर से जुड़ी गतिविधियों का भी प्रदर्शन किया गया।



