जयपुर, 23 फरवरी 2026।
भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते 17 वर्षीय किशोर आदिल की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
रविवार रात हुई इस वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग भट्टा बस्ती थाने के बाहर इकट्ठा हो गए, जिसके चलते माहौल तनावपूर्ण होने पर पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बजरंग सिंह शेखावत के अनुसार देर रात कुछ युवकों ने अचानक आदिल पर हमला कर चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किशोर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थानाधिकारी दीपक त्यागी के अनुसार पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस की जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है और मुख्य आरोपी अरबाज सहित अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है।



