जयपुर/अजमेर, 28 फरवरी 2026।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अजमेर से राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ करते हुए राजस्थान को 16 हजार 686 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 43 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इन परियोजनाओं में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से जुड़ी 34 योजनाएं तथा केंद्र सरकार के राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ऊर्जा क्षेत्र से संबंधित 9 परियोजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने विकास कार्यों को राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला बताया।
प्रधानमंत्री ने कायड़ विश्रामस्थली स्थित टीकाकरण केंद्र से सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ शुरू किए गए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने 9 से 14 वर्ष की पांच बालिकाओं को टीका लगाने के बाद उनसे संवाद भी किया। यह टीकाकरण अभियान महिलाओं में होने वाले गंभीर सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से शुरू किया गया है, जिसका मुख्य कारण एचपीवी संक्रमण माना जाता है। टीकाकरण के लिए यू-विन प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण अनिवार्य रखा गया है। इस कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री ने प्रदेश के विकास के लिए 4 हजार 516 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 1 हजार 208 करोड़ रुपये की लागत से बांदीकुई से जयपुर तक 4 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे तथा 1 हजार 114 करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे के पैकेज 14 के तहत एनएच 76 जंक्शन से एनएच 12 तक 8 लेन कैरिजवे का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा कई अन्य सड़क परियोजनाओं से प्रदेश के परिवहन तंत्र को मजबूत बनाने की बात कही गई।
प्रधानमंत्री ने जयपुर में 286 करोड़ रुपये से अधिक लागत के सांगानेर फ्लाईओवर से मालपुरा गेट तक एलिवेटेड रोड, जोधपुर में महामंदिर से अखल्या चौराहे तक 1 हजार 243 करोड़ रुपये की लागत से 4 लेन एलिवेटेड रोड, बारां में 322 करोड़ रुपये की मालबमोरी-मांगरोल-बारां राज्य राजमार्ग परियोजना तथा सवाईमाधोपुर में एनएच 552 पर चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया।
प्रधानमंत्री ने पश्चिमी राजस्थान में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन के लिए जोधपुर पाली मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र में 526 करोड़ रुपये के आधारभूत विकास कार्यों का भी शिलान्यास किया। साथ ही नोनेरा और परवन अकावद पेयजल परियोजनाओं सहित बीकानेर क्षेत्र की जल परियोजनाओं के निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। बीकानेर, फलौदी, जैसलमेर, हनुमानगढ़ और डूंगरपुर जिलों में नहर विकास कार्य भी शुरू किए गए।
प्रधानमंत्री ने राजस्थान में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए 3 हजार 616 करोड़ रुपये की पारेषण प्रणाली परियोजना का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 220 केवी और 400 केवी के ग्रिड सबस्टेशनों सहित 1781 करोड़ रुपये के विद्युत विकास कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित 21 हजार 863 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए, जिनमें राजस्व, ग्रामीण विकास, पशुपालन, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य विभागों के पद शामिल हैं।



