राजगढ़, 02 मार्च 2026
राजगढ़ जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो बाइक चालकों की मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया है। पुलिस के अनुसार ये हादसे रविवार रात नरसिंहगढ़ और बोड़ा थाना क्षेत्रों में हुए, जिनकी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र के तीजबड़ली जोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक अचानक सड़क पर आ गई गाय से टकरा गई। इस हादसे में 19 वर्षीय बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे दूसरे युवक को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया गया कि बाइक सवार दोनों युवक कुरावर थाना क्षेत्र के मानपुरा गुजराती में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर गांव लौट रहे थे। तभी तीजबड़ली के पास हादसा हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया और जीरो पर मर्ग दर्ज कर मामला संबंधित थाना को भेज दिया।
दूसरी घटना बोड़ा थाना क्षेत्र के भैंसाना जोड़ के पास घुमावदार मोड़ पर हुई, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में 19 वर्षीय बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि युवक घर से अपने बड़े भाई को घूमने जाने की बात कहकर निकला था। पुलिस ने इस मामले में भी जांच शुरू कर दी है।


.jpg)
