नई दिल्ली, 28 फरवरी 2026।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज और कल गुजरात, राजस्थान, तमिलनाडु तथा केंद्रशासित प्रदेश पुड्डुचेरी के दौरे पर रहेंगे, जहां वे 23 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस यात्रा के दौरान देश में पहली बार स्वदेशी सेमीकंडक्टर चिप उत्पादन और बालिकाओं के लिए राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान शुरू करने को मुख्य आकर्षण माना जा रहा है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी ने भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों की जानकारी अपने सोशल मीडिया मंच पर साझा की है।
प्रधानमंत्री आज सुबह 11:30 बजे राजस्थान के अजमेर में 16,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इस दौरान 14 वर्ष की बालिकाओं में गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाव के लिए राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत भी की जाएगी। इसी कार्यक्रम में सरकारी विभागों में नवनियुक्त 21,800 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। साथ ही दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेस-वे और अमृतसर-जामनगर आर्थिक गलियारे से जुड़ी योजनाओं का भी शुभारंभ किया जाएगा।
इसके बाद दोपहर करीब 3:45 बजे प्रधानमंत्री गुजरात के सानंद में माइक्रोन टेक्नोलॉजी की सेमीकंडक्टर असेंबली, परीक्षण और पैकेजिंग सुविधा का उद्घाटन करेंगे। यह परियोजना भारत के सेमीकंडक्टर मिशन के तहत पहली स्वीकृत परियोजना है। यहां से देश में निर्मित पहले सेमीकंडक्टर मेमोरी मॉड्यूल का व्यावसायिक उत्पादन और निर्यात भी शुरू होगा। इस परियोजना में 22,500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है और यहां दुनिया का सबसे बड़ा क्लीनरूम क्षेत्र बनाया गया है।
प्रधानमंत्री रात करीब नौ बजे चेन्नई पहुंचेंगे और अगले दिन दक्षिण भारत में विकास कार्यों को गति देंगे। वह पहली मार्च को सुबह 11:45 बजे पुड्डुचेरी में 2,700 करोड़ रुपये तक की बुनियादी ढांचा, शिक्षा और स्वास्थ्य योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। मदुरै में 4,400 करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके अलावा एनएच-332ए और एनएच-87 के चार लेन निर्माण की आधारशिला रखी जाएगी तथा तमिलनाडु में आठ पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन होगा। शाम चार बजे मदुरै के प्रसिद्ध अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे।



