नई दिल्ली, 02 मार्च 2026
भारत दौरे पर आए कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें भारत-कनाडा संबंधों को नई दिशा देने, व्यापार सहयोग बढ़ाने और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा की संभावना जताई गई।
इससे पहले कनाडा के प्रधानमंत्री ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मुलाकात की थी। बताया गया है कि कार्नी की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य ऊर्जा क्षेत्र, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और अन्य महत्वपूर्ण तकनीकी क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाना है। दोनों देशों के बीच आर्थिक और तकनीकी साझेदारी को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कनाडा के प्रधानमंत्री पहले मुंबई पहुंचे थे, जहां उन्होंने उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों से बातचीत की थी। इसके बाद वे सोमवार की रात दिल्ली पहुंचे। इस यात्रा को भारत और कनाडा के बीच सहयोग बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



