नई दिल्ली, 21 फरवरी 2026
विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने भारत की राजकीय यात्रा पर आए ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा और विदेश मंत्री मौरो विएरा से शनिवार को मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा की गई।
डॉ जयशंकर ने एक्स पर इस मुलाकात का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रपति लूला ने भारत के साथ अपनी रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के लिए गर्मजोशी और मार्गदर्शन साझा किया, जो सराहनीय है। उन्होंने बताया कि आज दोपहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति लूला के बीच औपचारिक द्विपक्षीय बैठक होगी, जो दोनों देशों के संबंधों को नई ऊर्जा और गति देगी।
उल्लेखनीय है कि भारत और ब्राजील के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने के उद्देश्य से ब्राजील के राष्ट्रपति अपनी महत्वपूर्ण राजकीय यात्रा पर भारत आए हैं। आज का दिन दोनों देशों के कूटनीतिक संबंधों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




