आगरा, 19 फरवरी।
छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती पर गुरूवार शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक आगरा किले में उनकी शौर्यगाथा का आयोजन होगा, जिसमें राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किशन राव बागडे, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री और अन्य प्रमुख लोग शामिल होंगे।
इस आयोजन की देखरेख अजिंक्य देवगिरी प्रतिष्ठान के अध्यक्ष विनोद पाटिल और अमर विनायक लोखण्डे कर रहे हैं और यह कार्यक्रम थाना क्षेत्र रकाबगंज अंतर्गत आगरा किले के दीवान-ए-आम में किया जाएगा। कार्यक्रम लगातार चौथे वर्ष हो रहा है और लाइव प्रसारण के लिए किले के सामने रामलीला मैदान/पार्किंग स्थल में बड़ी एलईडी स्क्रीन और साउंड सिस्टम लगाया गया है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सीएसएमआई एयरपोर्ट मुंबई से विशेष विमान से शाम करीब 6:30 बजे आगरा सिविल एयरपोर्ट पहुंचेंगे और सीधे कार्यक्रम स्थल जाएंगे, वहीं राज्यपाल राजस्थान हरिभाऊ किशन राव बागडे, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय समेत आगरा के सांसद, विधायक और अन्य गणमान्य लोग भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में केवल पासधारकों को प्रवेश दिया जाएगा।
अजिंक्य देवगिरी प्रतिष्ठान के अध्यक्ष विनोद पाटिल ने बताया कि आगरा में शिवाजी महाराज का भविष्य स्मारक बनाने के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री सहमति दे चुके हैं। आगरा किले में आज के कार्यक्रम में शिवाजी महाराज के करीब तीन हजार अनुयायी मौजूद होंगे और इसे सोशल मीडिया के माध्यम से दुनिया भर में लाइव प्रसारित किया जाएगा। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने वीआईपी और भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और व्यवस्था संचालन के सभी प्रभावी इंतजाम किए हैं।



