गुवाहाटी, 02 मार्च 2026
गुवाहाटी के पलटन बाजार थाना क्षेत्र में नकली नोटों के कारोबार में शामिल एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उलुबारी इलाके में अभियान चलाकर आरोपित को पकड़ा। पकड़े गए आरोपित की पहचान 23 वर्षीय आसिब आलम के रूप में हुई है, जो लखीमपुर का रहने वाला बताया गया है।

पुलिस ने आरोपित के पास से 500 रुपये के 6,80500 नकली नोट बरामद किए हैं। इसके साथ ही उसके पास से एक आईफोन और 620 रुपये की नकदी भी जब्त की गई है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और गिरफ्तार आरोपित से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इस नकली नोट कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नकली नोटों के इस बड़े जखीरे के मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये नकली नोट कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां खपाने की योजना थी।



