मुंबई, 03 मार्च 2026।
साउथ के सुपरस्टार राम चरण अपनी बहुचर्चित फिल्म ‘पेड्डी’ को लेकर इन दिनों सुर्खियों में हैं। इसी बीच फिल्म का दूसरा गीत ‘राई राई रा रा’ जारी कर दिया गया है, जिसे दर्शकों का शानदार प्रतिसाद मिल रहा है। इससे पहले रिलीज हुआ गीत ‘चिकरी चिकिरी’ भी दर्शकों के बीच काफी पसंद किया गया था।
नए गीत में ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान का जोश और लय से भरपूर संगीत विशेष आकर्षण का केंद्र है। गायक नकाश अजीज की ऊर्जावान प्रस्तुति और गीतकार रकीब आलम के प्रभावशाली बोल गीत को और सशक्त बनाते हैं।
गीत में राम चरण का देहाती अंदाज और जोशीला डांस दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। निर्देशक बुची बाबू सना ने इस गीत को भव्य अंदाज में फिल्माया है, जबकि कोरियोग्राफर जानी मास्टर की प्रभावी कोरियोग्राफी गीत में अलग ही रंग भरती है। रंगीन दृश्यांकन और ऊर्जा से भरपूर माहौल इसे खास बनाता है।
वेंकट सतीश किलारू के निर्माण में बनी फिल्म ‘पेड्डी’ 30 अप्रैल को विभिन्न भाषाओं में सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। फिल्म में राम चरण के साथ जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही खासा उत्साह देखा जा रहा है।



