साउथ सुपरस्टार राम चरण और उनकी पत्नी उपासना कोनिडेला ने 31 जनवरी को अपने जुड़वा बच्चों का स्वागत किया था। इससे पहले यह जोड़ा अपनी बेटी क्लिन कारा का माता-पिता बन चुके थे। अब परिवार में एक और बेटी और बेटे के आने से खुशियों का माहौल है। हाल ही में हैदराबाद स्थित अपने आवास पर आयोजित निजी नामकरण समारोह में दोनों ने जुड़वा बच्चों के नाम का खुलासा किया और उनके पीछे का आध्यात्मिक अर्थ साझा किया।
एक बातचीत के दौरान राम चरण और उपासना ने बताया कि उन्होंने बेटे का नाम शिवराम और बेटी का नाम अनवीरा देवी रखा है। राम चरण ने कहा, "नामकरण हमारे लिए बेहद निजी और आध्यात्मिक फैसला था। हमने इस पर गहराई से विचार किया और हमारे माता-पिता ने भी इस यात्रा में अहम भूमिका निभाई। हमारे बेटे का नाम शिवराम दो शाश्वत आदर्शों, भगवान शिव और भगवान राम का प्रतीक है। यह संयम के साथ शक्ति और धर्म के साथ भक्ति को दर्शाता है।"
बेटी के नाम के बारे में बताते हुए राम चरण ने कहा, "अनवीरा देवी असीम साहस और दिव्य नारी शक्ति का प्रतीक है। 'वीरा' वीरता को दर्शाता है और 'अन' इसे असीमता तक विस्तार देता है। 'देवी' शब्द हमने जानबूझकर जोड़ा है, ताकि यह याद रहे कि शक्ति और करुणा साथ-साथ चल सकती हैं।"
गौरतलब है कि राम चरण और उपासना ने जून 2012 में विवाह किया था और जून 2023 में उनकी पहली संतान क्लिन कारा का जन्म हुआ था। अब जुड़वां बच्चों के आगमन से उनका परिवार और भी पूर्ण हो गया है।



