पीसा, 14 फरवरी।
इटली की शीर्ष फुटबॉल लीग सेरी ए में लुका मोड्रिच के 85वें मिनट में किए गए अहम गोल की मदद से एसी मिलान ने निचले क्रम की टीम पीसा एससी को 2-1 से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। इस जीत से मिलान ने अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज इंटर मिलान के साथ अपना फासला कम कर लिया। मुकाबला एरीना गैरीबाल्डी स्टेडियम में खेला गया।
24 मुकाबलों में 53 अंक लेकर दूसरे स्थान पर मौजूद मिलान अब इंटर से पांच अंक पीछे है। इंटर शनिवार को चौथे स्थान पर काबिज जुवेंटस की मेजबानी करेगा।
मिलान की ओर से रूबेन लॉफ्टस-चीक ने भी एक गोल दागा। हालांकि एड्रियन राबियो को दूसरा पीला कार्ड मिलने के बाद लाल कार्ड दिखाया गया, जिसके चलते टीम को अंतिम क्षणों में दस खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। पीसा के लिए फेलिपे लोयोला ने दूसरे हाफ में बराबरी का गोल कर मुकाबले में रोमांच पैदा कर दिया था।
मिलान को पेनल्टी का मौका भी मिला, लेकिन निक्लास फुलक्रुग स्पॉट किक को गोल में तब्दील करने में असफल रहे। 40 वर्षीय मोड्रिच ने अंततः मुकाबले के अंतिम पांच मिनट में बॉक्स के भीतर मिले अवसर को भुनाते हुए टीम को जीत दिला दी।
मिलान ने 39वें मिनट में बढ़त बनाई, जब जैचरी एथेकामे के दाएं फ्लैंक से आए सटीक क्रॉस पर लॉफ्टस-चीक ने हेडर के जरिए गेंद जाल में पहुंचाई। 71वें मिनट में लोयोला ने 12 मीटर की दूरी से सटीक प्रहार कर पीसा को बराबरी दिलाई, जो क्लब के लिए उनका पहला गोल रहा।
हार के बाद पीसा 25 मैचों में 15 अंकों के साथ तालिका में सबसे नीचे बना हुआ है और सुरक्षित क्षेत्र से छह अंक पीछे चल रहा है।



