नई दिल्ली, 12 मार्च 2026।
पश्चिम एशिया में जारी सैन्य तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में थाई मालवाहक जहाज पर हुए हमले को लेकर भारत ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा के लिए चिंताजनक है।
विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, 11 मार्च को थाई जहाज ‘मयूरी नारी’ पर हमला हुआ। यह जहाज भारत के गुजरात स्थित कांडला बंदरगाह की ओर आ रहा था। घटना के बाद भारत लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सुरक्षा के मामलों पर सतर्कता बरत रहा है।
सरकार ने कहा कि वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है। भारत ने क्षेत्र में सभी पक्षों से संयम बरतने और अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा बनाए रखने की अपील भी की है।
विशेषज्ञों के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे व्यस्त और रणनीतिक समुद्री मार्गों में से एक है। इस मार्ग से बड़ी मात्रा में कच्चे तेल और अन्य व्यापारिक सामान का आवागमन होता है। पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के कारण हाल के दिनों में इस मार्ग से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।



